करौली7 घंटे पहले
ट्रैक्टर से खेत की जुताई के 75 रुपए के पेमेंट को लेकर हुए विवाद में फायरिंग की गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। घटना के बाद गांव में तनाव है। मामला करौली के मासलपुर थाना क्षेत्र का है।
विवाद के दौरान बीच-बचाव करने गए दीवान सिंह और ध्रुव घायल हो गए, जिनको करौली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर से हुई थी जुताई
मृतक महिला के भतीजे जनक सिंह (42) पुत्र निहाल सिंह निवासी देवरी ने बताया कि राजेंद्र सिंह (45) के ट्रैक्टर से आषाढ़ महीने में रोशन (45) पुत्र वचन सिंह ने खेत की जुताई कराई थी। इसके भुगतान के लिए बुधवार शाम करीब 4 बजे राजेंद्र सिंह खेत मालिक रोशन गुर्जर के घर गया और पैसे मांगे। रोशन ने सवा बीघा खेत के हिसाब से भुगतान कर दिया, जबकि राजेंद्र ने डेढ़ बीघा खेत के हिसाब से भुगतान मांगा। इस पर रोशन ने कहा कि पटवारी को दिखा लेना। अगर जमीन डेढ़ बीघा होगी तो उसका भुगतान कर दूंगा। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।

जमीन की जुताई के पेमेंट को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान गाली-गलौज से विवाद बढ़ गया। फायरिंग हुई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। 2 लोग घायल हैं।
मौके पर ही मौत
जनक सिंह ने बताया कि विवाद के दौरान राजेंद्र के अन्य साथी भी मौके पर आ गए और उन्होंने गाली-गलौज की, जिससे विवाद बढ़ गया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने फायरिंग रोशन पर की, लेकिन गोली अपने घर के दरवाजे पर खड़ी राजेश (32) पत्नी स्वर्गीय रामरज को लग गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए दीवान सिंह (50) पुत्र मदन निवासी बड़रिया हाल देवरी और ध्रुव (25) पुत्र भगवान सिंह निवासी देवरी घायल हो गए। घायलों को करौली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
गांव में 2 थानों की पुलिस तैनात
फायरिंग की घटना के बाद देवरी गांव में मासलपुर सहित 2 थानों की पुलिस तैनात की गई है। सूचना पर एएसपी सुरेश चंद मीणा, डीएसपी दीपक गर्ग भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, राजेश के पति की करीब 9 महीने पहले रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। राजेश का 11 साल का बेटा और तीन बेटियां हैं।
एएसपी सुरेश चंद मीणा ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
0 Comments