चित्तौड़गढ़24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
साड़ास पुलिस ने 10 महीने से फरार हत्या और डकैती के आरोपी को पकड़ा।
शहर में चंदेरिया थाने के सामने से संकट मोचन हनुमान मंदिर में एक गार्ड की हत्या कर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी पकड़ा गया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में साडास पुलिस को सफलता मिली है। साडास पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर चंदेरिया पुलिस को सौंप दिया है। इसी मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
साड़ास पुलिस ने किया डिटेन, चंदेरिया पुलिस को सौंपा
थानाधिकारी सकाराम ने बताया कि डकैती और हत्या के मामले में साड़ास निवासी कालू पुत्र शंकर कंजर लंबे समय से फरार चल रहा था। एसपी के निर्देश पर जिले में वांछित आरोपियों की धरपकड़ का अभियान चल रहा है। इसी दौरान सूचना मिली की कालू कंजर अपने घर आया हुआ है। इस पर एक टीम का गठन किया गया और उसके घर पर दबिश देकर उसे डिटेन किया गया। इस मामले में चंदेरिया पुलिस को सूचना दी और उन्हें आरोपी को सौंप दिया गया। चंदेरिया पुलिस ने कालू को गिरफ्तार कर लिया है। इस टीम में हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल धर्मेन्द्रसिंह, योगेश, सुरेन्द्र और विनोद शामिल थे।
यह था मामला
इसी साल 3 फरवरी को चंदेरिया थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में एक डकैती की वारदात हुई थी। इस मामले में पांच बदमाश शामिल थे। जिन्होंने मंदिर में एंटर करते ही गार्ड पुनावली निवासी नरेंद्र मेनारिया पर हमला किया और मंदिर से गहने लूटकर ले गए। गार्ड नरेंद्र को सुबह जब हॉस्पिटल ले जाया गया, उसकी हालत गंभीर थी। उसे उदयपुर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गार्ड शोर ना मचाए इसलिए आरोपियों ने उसकी हत्या की थी। बदमाशों ने डेढ़ किलो वजनी चांदी के तीन मुकुट लूटे थे। कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को ढूंढ कर उन्हे गिरफ्तार कर लिया था। 4 में से 2 साडास थाने क्षेत्र के थे, जबकि दो भीलवाड़ा के रहने वाले हैं। लगभग 10 महीनों की मशक्कत के बाद कालू कंजर भी पकड़ा गया। कालू कंजर के खिलाफ थाने में अवैध हथियार, मारपीट, अवैध शराब और लूट के 4 मामले दर्ज हैं।
0 Comments