अनूपगढ16 मिनट पहले
श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ के पास स्थित भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित शेरपुरा पोस्ट से पाकिस्तान ने नापाक हरकत करते हुए एक घुसपैठियों को भारत में प्रवेश करवाने का प्रयास किया, लेकिन सीमा सुरक्षा बल के जवानों की मुस्तैदी के चलते घुसपैठिया अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने 22 वर्षीय पाक युवक को भारत में प्रवेश करने पर फायरिंग कर मार गिराया।
सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी अमित कुमार त्यागी ने बताया कि शुक्रवार रात शेरपुरा पोस्ट से एक पाक युवक जीरो लाइन को पार कर घने जंगल से होता हुआ भारत की सीमा में प्रवेश कर गया था। वहीं पाक युवक भारत की सीमा में जीरो लाइन से लगभग 250 मीटर आगे तक आ गया था। इस दौरान भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के जवान गश्त कर रहे थे। जब उन्होंने पाक युवक को भारतीय सीमा में देखा तो जवानों ने पाक युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक लगातार आगे बढ़ता रहा। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पाक युवक के नहीं रुकने पर 8 राउंड फायरिंग कर पाक घुसपैठिया मौके पर ही मार गिराया और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
सूचना मिलने पर सीमा सुरक्षा बल के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआईजी अमित कुमार त्यागी ने बताया कि पाक युवक की तलाशी लिए जाने पर पाक युवक के पास किसी भी तरह की कोई भी सामग्री नहीं मिली है।वहीं पाक युवक के द्वारा भारत में प्रवेश किए जाने पर अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई है।
10 दिन पूर्व अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मिले थे पैरों के निशान
अनूपगढ़ के पास स्थित भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 10 दिन पूर्व भी दो व्यक्तियों के पैरों के निशान मिले थे। डीआईजी अमित कुमार त्यागी ने बताया कि 18 अक्टूबर को भी भारत-पाकिस्तान की सीमा के पास दो व्यक्तियों के पैरों के निशान मिले थे। उसी समय से सीमा सुरक्षा बल के जवान मुस्तैद और सतर्क है।
घने जंगल का पाक उठा रहा है फायदा
सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी ने बताया कि अनूपगढ़ के पास स्थित भारत-पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घना जंगल है। जिसका पाक लगातार फायदा उठा रहा है। बीती रात भी पाक युवक ने इसी घने जंगल से भारत में प्रवेश किया था।
0 Comments