जयपुर2 घंटे पहले
प्रभु लाल सैनी ने कहा कि राहुल गांधी ने किसानों से कर्जमाफी का जो वादा किया वो भी पूरा नहीं किया।
कांग्रेस सरकार के 4 साल के कार्यकाल का जश्न मनाने पर बीजेपी ने पलटवार किया है। पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान के हालात बद से बदतर स्थिति में ला दिए हैं। प्रदेश में योजनाएं सिर्फ कागजों में चल रही हैं। धरातल पर आम जनता परेशान हो रही है लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी ने भी स्वीकार किया कि कांग्रेस सरकार से कई गलतियां हुई हैं।
सैनी ने कहा कि मनरेगा के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है जबकि हकीकत में सिर्फ कागजों में योजना चल रही है। वहीं सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी आज तक किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है। 18,000 से ज्यादा किसानों की जमीनों को कुर्क कर दिया गया है जबकि 60 लाख से ज्यादा किसान कर्ज में डूबे हुए हैं। इन हालातों में प्रदेश के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। वही युवा रोजगार के लिए दर-दर की ठोकर खा रहे हैं।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार को श्वेत पत्र जारी कर बताना चाहिए कि उन्होंने अब तक कितने किसानों का कर्ज माफ किया है। उन्होंने कहा कि इस साल बाजरे की पैदावार 36 लाख मैट्रिक टन थी। जिसमें से एक दाना भी कांग्रेस सरकार ने नहीं खरीदा। जबकि केंद्र ने बाजरे का समर्थन मूल्य 1250 रुपए से बढ़ाकर 2350 रुपए कर दिया है। सैनी ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। ऐसे में खंड खंड हुई कांग्रेस को एकजुट करने के लिए भारत यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी को राजस्थान के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना चाहिए।
0 Comments