सवाई माधोपुर32 मिनट पहले
कार्यकर्ताओं की बैठक लेती विधायक इंदिरा मीणा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। भारत जोड़ो यात्रा 12 दिसंबर को बामनवास विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगी। जिसके चलते रविवार रात विधायक इंदिरा मीणा के आवास पर बामनवास व बौंली ब्लाक के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
रविवार शाम 5 बजे से 9 बजे तक चली मैराथन बैठक में यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य व वरिष्ठ नेताओं ने विचार रखे। यात्रा में संख्या बल को लेकर विशेष फोकस रखा गया। गौरतलब है कि 12 दिसंबर को बामनवास विधानसभा क्षेत्र से भारत जोड़ो यात्रा के गुजरने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। क्षेत्र से लगभग 6 किलोमीटर होकर यात्रा गुजरेगी। वहीं इस दौरान लगभग 5 घंटे राहुल गांधी बामनवास विधानसभा क्षेत्र में रहेंगे। गांधी का लंच कार्यक्रम भी बामनवास विधानसभा क्षेत्र में ही प्रस्तावित है। ऐसे में यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक इंदिरा मीणा ने कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों को यात्रा से जुड़ी हुई अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई।
कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपती विधायक मीणा।
विधायक ने बताया कि यात्रा से पहले पूर्वाभ्यास भी किए जाएंगे। यात्रा को सफल बनाने के लिए विधायक इंदिरा मीणा समीपस्थ क्षेत्रों में दौरा करेंगी। यात्रा जस्टाना क्षेत्र से बामनवास विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। इसी के साथ ही रात्रि प्रवास का कार्यक्रम भी बौंली थाना क्षेत्र में ही संभावित है। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बैठक में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान विधायक इंदिरा मीणा ने बताया कि यह सौभाग्य की बात है कि राहुल गांधी की ‘नफरत छोड़ो भारत जोड़ो यात्रा’ बामनवास विधानसभा क्षेत्र में एक अच्छी दूरी व अच्छा समय तय करने जा रही है। ऐसे में यात्रा में हजारों की तादाद में कांग्रेसी पहुंचेंगे।
फोटो/वीडीओ : आशीष मित्तल
0 Comments