जयपुर32 मिनट पहले
जयपुर में गुरुवार शाम करीब सात बजे गैंगवार में एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। प्रताप नगर थाना इलाके में थार गाड़ी में सवार आधा दर्जन बदमाशों ने महेंद्र मीणा (26) पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वह चाय की थड़ी पर अपने साथियों के साथ बैठा था, तभी उसपर हमला हुआ। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारम्भिक जानकारी में सामने आया है कि मीणा की विनीत मेडी नाम के एक दूसरे बदमाश से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश में मीणा की जान ली गई है।
गुरुवार शाम प्रताप नगर स्थित गोदावरी अपार्टमेंट के पास चार-पांच राउंड फायरिंग हुई है। महेन्द्र मीणा अपने कुछ साथियों के साथ चाय की थड़ी पर बैठा था। उसी दौरान एक महिन्द्रा थार गाड़ी आई। उसमें सवार कुछ युवकों ने मीणा पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। महेन्द्र मीणा को गोली लग गई। फायरिंग के बाद थार सवार युवक फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची प्रताप नगर पुलिस ने मीणा को गंभीर अवस्था में नजदीक के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
महेंद्र मीणा की गाड़ी मौके पर खड़ी है। महेंद्र पर हमला करने वाले भी थार गाड़ी में सवार होकर आए थे। चार-पांच राउंड फायरिंग हुई है।
विनीत मेडी से चल रही थी दुश्मनी
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि महेंद्र मीणा और विनीत मेडी पेशेवर अपराधी हैं। दोनों के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही थी। बदमाशों के खिलाफ जयपुर समेत विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिन्होंने यहां से कारतूस के खाली खोल भी बरामद किए हैं। ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रतापनगर इलाके के गोदावरी अपार्टमेंट के पास यहीं पर गैंगवार हुआ। पुलिस ने बताया कि पेशेवर अपराधी महेन्द्र मीणा की हत्या कर दी गई है।
0 Comments