डूंगरपुर7 मिनट पहले
गुजरात में लगातार 7वीं बार भाजपा की सरकार बनने से डूंगरपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
गुजरात में लगातार 7वीं बार भाजपा की सरकार बनने से डूंगरपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। जीत से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के तहसील चौराहे पर जमकर आतिशबाजी की और मिठाई खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।
गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत के बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा और जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहर के तहसील चौराहे पर इकट्ठा हुए और ढोल नगाड़ों के साथ नाचकर जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर भाजपा नगर मंडल की ओर से आतिशबाजी की गई। वहीं कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए जीत की बधाई दी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा ने कहा कि भाजपा शासन में पिछले 27 सालों में गुजरात राज्य ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। वहीं भय मुक्त वातावरण देकर उद्योग धंधों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद की है। भाजपा के सुशासन से गुजरात की जनता खुश है और इसी कारण जनता ने लगातार 7वीं बार भाजपा पर भरोसा जताया है।
इस मौके पर कटारा ने कांग्रेस और आप पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस सफाए की ओर है। वहीं आप पार्टी की मुफ्त की रेवड़ियां बांटने की घोषणाएं कर गुजरात की जनता को बेवकूफ नहीं बना सकी। कटारा ने कहा कि राजस्थान में भी कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में भारी नाराजगी है और 2023 के विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
0 Comments