- Hindi News
- National
- Rajasthan Dainik Bhaskar News Headlines; China Coronavirus Omicron Variant BF 7, Rahul Gandhi Got Angry
जयपुरएक घंटा पहलेलेखक: धर्मेंद्र कृष्ण तिवारी
नमस्कार,
सबसे पहले बात दुनिया पर मंडरा रहे कोरोना के खतरे की। चीन में संक्रमण के हालात 2020 की याद दिला रहे हैं। अस्पतालों में सभी बेड भरे हुए हैं। मेडिकल स्टोर्स में दवाएं खत्म हो रही हैं। मरीज इलाज के लिए डॉक्टर के सामने गिड़गिड़ाते देखे जा सकते हैं। बच्चों को बुखार आ रहा है तो मांएं आलू से उतारने की कोशिश कर रही हैं। चीन की इस हालत को देखते हुए भारत सरकार भी अलर्ट हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने सीनियर अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की। जिनमें उन्होंने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। हमने सभी संबंधित लोगों को अलर्ट रहने और निगरानी बढ़ाने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक एयरपोर्ट्स पर विदेशी यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को अधिकारियों और मंत्रियों की इमरजेंसी बैठक बुलाई है। दूसरी तरफ, UP सरकार ने विदेशों से आने वाले यात्रियों की जांच करने के आदेश दिए हैं।
अब बात सियासत की। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी का गुस्सा देखकर साथी नेता हैरान रह गए। कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक नेता सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन राहुल गांधी ने बहुत गुस्से में उनका हाथ झटक दिया। नेता अपना मोबाइल भी मुश्किल से छुड़ा पाए।
देश-दुनिया की बड़ी खबरें सिर्फ 5 मिनट में पढ़िए, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में…
सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
- IPL 2023 के लिए प्लेयर्स का मिनी ऑक्शन कोच्चि में।
- भारत-बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच ढाका में।
- विशेष CBI अदालत में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की जमानत याचिका पर सुनवाई।
5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. सितंबर में कोरोना के चीनी वैरिएंट के गुजरात में 2, ओडिशा में एक केस मिले थे, तीनों ठीक
चीन में कोरोना के बढ़ते मामले फिर डराने लगे हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार अलर्ट पर है। देश में COVID-19 की स्थिति पर बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की। मंडाविया ने बताया कि कोरोना का खतरनाक चीनी वैरिएंट BF-7 सितंबर में ही भारत आ गया था। वडोदरा में एक NRI महिला में इसके लक्षण मिले थे। वह अमेरिका से वडोदरा आई थी। उसके कॉन्टैक्ट में आए 2 अन्य लोगों की भी जांच हुई थी। हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बाद में महिला ठीक हो गई थी।
इसके अलावा BF-7 के दो अन्य केस अहमदाबाद और ओडिशा में भी मिले थे।इधर, हेल्थ मिनिस्ट्री की हाई लेवल मीटिंग में मंडाविया ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, पर भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। हमने सभी संबंधित लोगों को अलर्ट रहने और निगरानी बढ़ाने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक एयरपोर्ट्स पर इंटरनेशनल फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है। पूरी खबर पढ़ें
दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल चोटिल हुए, पुजारा कर सकते हैं कप्तानी
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। कप्तान केएल राहुल नेट प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गए। वे ढाका टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो चेतेश्वर पुजारा कप्तानी कर सकते हैं। अभिमन्यु ईश्वरन को शुभमन गिल के साथ ओपनिंग का मौका मिल सकता है।
इससे पहले टीम के रेगुलर कैप्टन रोहित शर्मा वनडे सीरीज के दौरान अंगूठे में लगी चोट के कारण टेस्ट मैचों से बाहर हो गए थे। उनकी जगह केएल राहुल ने पहले टेस्ट में कप्तानी की थी। राहुल को यह चोट नेट प्रैक्टिस के दौरान थ्रो-डाउन खेलते वक्त लगी। संयोग से यह थ्रो-डाउन खुद बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ही करा रहे थे। इसके बाद टीम डॉक्टर राहुल के पास आए। पूरी खबर पढ़ें
कांग्रेस नेता ने सेल्फी लेने की कोशिश की, राहुल ने जोर से हाथ झटक दिया

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई। इस दौरान फ्लैग एक्सचेंज समारोह में राहुल का गुस्सा देखकर साथी नेता हैरान रह गए। दरअसल, कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक नेता सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन राहुल गांधी ने बहुत गुस्से में उनका हाथ झटक दिया। नेता अपना मोबाइल भी मुश्किल से छुड़ा पाए।
अलवर से सटे हरियाणा बॉर्डर पर हुए कार्यक्रम में राहुल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कहा- राजस्थान में मंत्री महीने में एक बार 15 किलोमीटर पैदल चलते हैं। यह मॉडल हर कांग्रेस शासित राज्य में लागू किया जाए। पूरी खबर पढ़ें
मणिपुर में बस पलटने से 9 छात्रों की मौत; हादसे के बाद राज्य में 10 जनवरी तक स्कूल टूर बंद
मणिपुर के नोनी जिले में बुधवार को टूर पर जा रही एक स्कूल बस पलट गई। हादसे में 9 छात्रों की मौत हो गई। कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसे में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस थम्बलनू हायर सेकेंडरी स्कूल, यारिपोक की थीं। ये खौपूम की ओर टूर पर जा रही थी। 40 छात्रों को इम्फाल के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे पर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने मृतक छात्रों के परिवारों का 5-5 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है। राज्य सरकार के मुताबिक, हादसा सुबह के कोहरे/धुंध के कारण हुआ है। घटना के मद्देनजर सरकार ने 10 जनवरी 2023 तक सभी स्कूल टूर बंद करने का फैसला लिया है। पूरी खबर पढ़ें
विपक्षी सांसद ने टोका तो शाह ने भाषण बंद किया, बोले- आपको ये शोभा नहीं देता

लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह नशे को लेकर भाषण दे रहे थे। इस दौरान बार-बार टोकने पर TMC सांसद सौगत रॉय पर बिफर पड़े और अपनी चेयर में बैठ गए। शाह ने विपक्षी सांसद से कहा कि अगर आपको बोलना है तो मैं बैठ जाता हूं। इतने सीनियर सांसद होने के नाते बीच में टोकना शोभा नहीं देता है। ऐसा करना आपकी उम्र और सीनियरटी के लिए अच्छा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि बार-बार ऐसा नहीं करना चाहिए, बल्कि विषय की गंभीरता को समझना चाहिए। इस दौरान किसी ने कहा कि शाह जी आप गुस्सा हो रहे हैं तो उन्होंने कहा कि गुस्सा नहीं हो रहा हूं, बल्कि समझा रहा हूं। पूरी खबर पढ़ें
आज का कार्टून

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- दीपिका की भगवा बिकिनी का विरोध: 7600 साल पुरानी देवी की पेंटिंग में दिखी पहली बिकिनी, सबसे महंगी बिकिनी 190 करोड़ की (पूरी खबर पढ़ें)
- फडणवीस की पत्नी ने मोदी को राष्ट्रपिता बताया: 3 साल पहले भी ऐसा कहा था; ट्रम्प भी कह चुके फादर ऑफ इंडिया (पूरी खबर पढ़ें)
- जब तेंदुलकर भड़के…दोबारा ऐसा किया तो सीधा भारत भेजूंगा: पहली बार विदेश गए प्लेयर का ध्यान दर्शकों पर था…तब कप्तान सचिन ने डांटा (पूरी खबर पढ़ें)
- बस की छत से गिरते-गिरते बचे मेसी: फैंस बस पर टूट पड़े तो अर्जेंटीना के कप्तान को हेलिकॉप्टर से निकालना पड़ा (पूरी खबर पढ़ें)
- तालिबान का नया फरमान: अब अफगानिस्तान में यूनिवर्सिटी की पढ़ाई नहीं कर सकेंगी महिलाएं (पूरी खबर पढ़ें)

खबर लेकिन कुछ हटके…
आदमी की स्किन से बना जूता 22 लाख का: डार्क वेब पर 827 रुपए इंच बिक रही ह्यूमन स्किन, 11 लाख का पर्स

फैशन की दुनिया कहां तक जाएगी, इसका अंदाजा आप शायद ही लगा पाएं। फर, शाहतूस, पश्मीना और याक वूल के बारे में तो कई लोग जानते होंगे, लेकिन आज हम आपको फैशन की ऐसी बात बताने जा रहे हैं जो आपको हैरत में डाल देगी। फैशन वर्ल्ड में अब ह्यूमन स्किन से बने लेदर प्रोडॅक्ट्स खरीदे-बेचे जा रहे हैं। इंटरनेट की अंधेरी दुनिया यानी डार्क वेब पर इंसान की खाल 827 रुपए इंच के हिसाब से बिक रही है।
और तो और ह्यूमन स्किन से बने जूते 22 लाख के और पर्स 11 लाख का बिक रहा है। हाल ही में 14 दिसंबर, 2022 को न्यूयॉर्क में पेटा से जुड़ी एक मॉडल ने ह्यूमन स्किन जैसी ड्रेस पहनकर रैंप वॉक करने का ऐलान किया। उनका मैसेज था कि फैशन के नाम पर जानवरों से क्रूरता नहीं होनी चाहिए और एनिमल स्किन से बने लेदर प्रोडक्ट्स पर रोक लगनी चाहिए। जानवरों के खिलाफ होने वाली क्रूरता को इस ग्राफिक से भी समझा और महसूस किया जा सकता है। पूरी खबर पढ़ें
खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
फोटो जो खुद में खबर है…

संसद भवन कैंपस में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास कांग्रेस सांसदों ने धरना दिया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत-चीन बॉर्डर पर हुए विवाद में संसद के शीतकालीन सत्र में चर्चा की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह, शशि थरूर, कार्ति चिदंबरम आदि शामिल थे। शशि थरूर व्हील चेयर पर धरने में शामिल हुए। केरल के तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद थरूर 15 दिसंबर को संसद भवन की सीढ़ियों पर फिसल गए थे, जिससे उनके पैरों में मोच आ गई थी।

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
अनंत की खोज करने वाले महान भारतीय गणितज्ञ की जयंती, जिनकी याद में मनाया जाता है नेशनल मैथमेटिक्स डे

भारत में हर साल 22 दिसंबर को नेशनल मैथमेटिक्स डे (राष्ट्रीय गणित दिवस) के रूप में मनाया जाता है। 2012 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महान गणितज्ञ रामानुजन के सम्मान में उनके जन्मदिन 22 दिसंबर को नेशनल मैथमेटिक्स डे के रूप में मनाए जाने की घोषणा की थी। श्रीनिवास रामानुजन का जन्म 22 दिसंबर, 1887 को तमिलनाडु के इरोड में एक तमिल ब्राह्मण आयंगर परिवार में हुआ था। रामानुजन ने कुंभकोणम के सरकारी कॉलेज में पढ़ाई की थी, लेकिन गैर-गणितीय विषयों में उनकी रुचि न होने से वह 12वीं की परीक्षा में फेल हो गए थे। जिस स्कूल में वो 12वीं में दो बार फेल हुए आज उसका नाम रामानुजन के नाम पर है।
रामानुजन ने 1912 में मद्रास पोर्ट ट्रस्ट में एक क्लर्क के रूप में काम करना शुरू किया। यहीं पर पहली बार उनके एक सहकर्मी ने उनकी गणित की प्रतिभा को पहचाना, जो खुद भी एक गणितज्ञ था। उस सहकर्मी ने रामानुजन को ट्रिनिटी कॉलेज, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जीएच हार्डी के पास जाने को कहा।

सीनेट हाउस, कैम्ब्रिज के बाहर रामानुजन (बीच में) और उनके सहकर्मी जी.एच. हार्डी (एकदम दाएं), अन्य वैज्ञानिकों के साथ।
इस बीच 16 साल की उम्र में रामानुजन की शादी जानकी अम्माल से हो गई। मगर गणित से प्यार तब भी कम न हुआ। इसी बीच, लेटर के जरिए कुछ उन्होंने कुछ फॉर्मूला कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जीएच हार्डी को भेजा। हार्डी उनसे इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने रामानुजन को लंदन बुला लिया और उनके मेंटर बन गए। दोनों ने मिलकर गणित के कई रिसर्च पेपर पब्लिश किए। उनकी रिसर्च को अंग्रेजों ने भी सम्मान दिया।
ट्रिनिटी कॉलेज से जुड़ने के बाद, रामानुजन को 1916 में बैचलर ऑफ साइंस (BSc) की डिग्री मिली। 1917 में उन्हें लंदन मैथमेटिकल सोसाइटी में जगह दी गई। इसके अगले साल उन्हें गणित पर उनकी रिसर्च के लिए रॉयल सोसायटी में जगह मिली। अक्टूबर 1918 में रामानुजन ट्रिनिटी कॉलेज की फेलोशिप पाने वाले पहले भारतीय भी बने। महज 32 साल के जीवन में उन्होंने गणित के 4 हजार से ज्यादा ऐसे प्रमेय (थ्योरम) पर रिसर्च की थी, जिन्हें समझने में दुनियाभर के गणितज्ञों को भी सालों लग गए। 1919 में वह लंदन से भारत लौट आए। रामानुजन को टीबी हो गई और एक साल बाद ही 1920 में उनका निधन हो गया।

धनु राशि वाले लोगों की एक्स्ट्रा इनकम होने के योग भी बनेंगे। मकर राशि के नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन अच्छा है। जानिए, अपना राशिफल
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
0 Comments