- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaipur
- Rajasthan Central Minister Kailash Choudhary Served Bajre Ki Roti To The Great Khali, Said 2023 Is Millets Year By UNO, Khali Said do Yoga, Eat Bajra, Make Body
जयपुर33 मिनट पहले
कैलाश चौधरी ने ‘ग्रेट खली’ को खिलाई बाजरे की रोटी
राजस्थान से केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी और WWE रेसलर द ग्रेट खली ने भोजन के माध्यम से देश के लोगों को खाने में मिलेट्स अपनाने और बाजरा खाने का मैसेज दिया है। द ग्रेट खली दिल्ली में मंत्री कैलाश चौधरी के घर पहुंचे और वहां साथ में खाना खाया। इस दौरान कैलाश चौधरी ने उन्हें अपने हाथों से बाजरे की रोटी चूरकर देसी घी और गुड़ के साथ परोसी।
मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) ने आगामी साल 2023 को इंटरनेशनल मिलेट्स ईयर (मोटा अनाज) वर्ष घोषित किया है। जिसकी मेजबानी भारत करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में इसका प्रस्ताव दुनिया से कुपोषण खत्म करने के लिए रखा था। खली ने भारतीय लोगों से खाने में बाजरा और मिलेट अपनाने की अपील मंत्री कैलाश चौधरी के साथ वीडियो संदेश के जरिए की।
दी ग्रेट खली और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की दिल्ली आवास पर इस तरह हुई मुलाकात।
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर बुधवार को भारत के WWE रेसलर और द ग्रेट खली के नाम से प्रसिद्ध दलीप सिंह राणा के साथ भोजन के दौरान आमजन को बड़ा सन्देश दिया। इस दौरान कैलाश चौधरी और ग्रेट खली ने आमजन से अपनी भोजन की थाली में मोटे अनाज की मात्रा बढ़ाने का आग्रह किया। ग्रेट खली ने कहा कि मोटे अनाज में हमारे शरीर के लिए आवश्यक सभी महत्वपूर्ण तत्व मौजूद होते हैं। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

दी ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा ने कहा- आज मैं अपने भाई के घर आया हूँ। मंत्री ने मुझे बाजरे की रोटी देसी घी और गुड़ डालकर चूरकर खिलाई है।
योगा करें, बाजरा खाएं और बॉडी बनाएं
ग्रेट खली ने कहा- आज मैं अपने भाई के घर आया हूँ। जो हमारे कृषि मंत्री कैलाश चौधरी हैं। प्रधानमंत्री ने उनके जिम्मे एक ड्यूटी लगाई है कि नैचुअल चीजों को बढ़ावा देना है। आज मंत्री ने मुझे अपने घर पर खाना खिलाया है। बाजरे की रोटी देसी घी और गुड़ डालकर मुझे खिलाई है। प्रधानमंत्री और कैलाश चौधरी का एक ही सपना है हमारी देसी चीजें जो लुप्त हो रही हैं, उन्हें बढ़ावा देना है। बाजरा और बहुत सारी ऐसी चीजों को दुनिया भर में ये लाना चाहते हैं। जैसे योगा करें, जिम करें और देसी खाना जाएं, बाजरा खाएं और बॉडी बनाएं।

केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने राजस्थानी देसी अंदाज में बाजरे की मोटी रोटी को प्लेट में चूरकर पहले गाय का देसी घी डाला और ऊपर से गुड़ चूरकर मिलाया। फिर खली को परोसते हुए वीडियो संदेश शेयर किया।
UNO से 2023 मिलेट ईयर (मोटा अनाज वर्ष)घोषित, भारत दुनियाभर में देगा मैसेज
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने खाने की टेबल पर खली से बातचीत करते हुए वीडियो संदेश में कहा- PM मोदी ने मिलेट्स ईयर पूरे वर्ल्ड में ले जाने का काम किया है। 2023 मिलेट्स ईयर है। रागी, ज्वार, बाजरा आने वाले समय में सब जगह कैसे पहुंचे। क्योंकि कुपोषण की समस्या का एक ही समाधान है वो है मिलेट्स। पीएम मोदी ने UNO में 2018 में इसका प्रस्ताव रखा था। यह जिम्मेदारी भारत सरकार को दी गई है कि इस मिलेट्स ईयर को पूरे वर्ल्ड में ले जाना है। इसे लेकर पूरे देश में अभियान शुरू होगा। कुपोषण दूर करने और पर्यावरण के नजरिए से यह अभियान चलेगा। मैं PM को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने पूरे वर्ल्ड की चिन्ता की। जिस तरह वह योगा को पूरे विश्व में लेकर गए।
चौधरी ने कहा- कोई भी 5 स्टार होटल, 7 स्टार होटल हो या आम आदमी और गरीब का घर हो, हर जगह हमारे भोजन की थाली में मिलेट्स पहुंचे। इसके लिए जनता में जागरूकता और प्रचार-प्रसार किया जाएगा। हमारे भोजन थाली में मिलेट्स खाने से कुपोषण, मोटापा, डायबिटीज, हायपर टेंशन जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी। कैलाश चौधरी ने आमजन से आग्रह करते हुए कहा कि इसी उद्देश्य के साथ हम सभी संकल्प लें कि हम अपने भोजन में मिलेट्स की मात्रा बढ़ाएंगे और इनके पॉजिटिव रिजल्ट दूसरों के साथ शेयर करेंगे।
0 Comments