जयपुरएक घंटा पहलेलेखक: आलोक खण्डेलवाल
- कॉपी लिंक
ब्लॉक अध्यक्षों की तीन सूची घोषित।
ब्लॉक अध्यक्ष की तीन सूची घोषित होने के बाद प्रदेश में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के लिए भी इंतजार तेज हो गया है। कांग्रेस की ओर से अब प्रदेश में 39 के बजाय 42 जिलाध्यक्ष बनाए जाने हैं, इनमें से 13 पूर्व में ही घोषित हो चुके हैं। जयपुर, जोधपुर और कोटा में शहर को दो और नए जिलाध्यक्ष मिलेंगे। कांग्रेस के प्रदेश संगठन ने इसकी तैयारी कर ली है, हालांकि इनकी घोषणाएं एक साथ न करके टुकड़ों-टुकड़ों में की जाएगी।
पहली सूची अगले सप्ताह आ सकती है। राजधानी जयपुर समेत शेष जिलों में जिलाध्यक्ष के लिए नामों पर चर्चा तेज हो गई है। संघर्ष भी हो रहा है। विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि प्रदेशाध्यक्ष तक पहुंच कर सिफारिशें कर रहे हैं। पिछले दिनों सीएम अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सीएमआर में प्रदेश संगठन पदाधिकारियों के लिए नामों पर मंथन किया था।
मुस्लिम, ब्राह्मण या वैश्य; ग्रेटर में पक्के वोटर्स पर नजर
नगर निगम के दो हिस्से किए जाने के बाद हैरिटेज निगम में मुस्लिम चेहरे को मेयर बनाए जाने की मांग की जा रही थी। चूंकि वहां ऐसा नहीं हुआ, ऐसे में कांग्रेस अब यहां से मुस्लिम चेहरा चुन सकती है। हालांकि इससे पहले सलीम कागजी और शाह इकरामुद्दीन जिलाध्यक्ष बन चुके हैं। अब पूर्व में सांसद का चुनाव लड़ चुके सईद खान गुड़ेज के पुत्र जाकिर खान गुड़ेज व रफीक खान का नाम चर्चा में है। हालांकि दो मुस्लिम विधायक देने वाले क्षेत्र के कांग्रेसियों की ओर से किसी गैर मुस्लिम को अध्यक्ष बनाए जाने की डिमांड की जा रही है।
दूसरी ओर रफीक खान चूंकि अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हैं, उनकी संभावना कम बताई जा रही है। दोनों क्षेत्रों के लिए जिनके नाम चर्चा में आ रहे हैं उनमें अवध शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, आरआर तिवारी, मनोज मुद्गल, मित्रोदय गांधी का नाम भी हैं। वैश्य समाज का जोर भी एक जिलाध्यक्ष के लिए रहेगा। इनमें ज्योति खण्डेलवाल, सीताराम अग्रवाल, गिरिराज खण्डेलवाल, गिरिराज गर्ग आदि के नाम सामने आ रहे हैं।
दाे निगम, दाे अध्यक्ष का फॉर्मूला
जयपुर में भी दो शहर अध्यक्ष बनेंगे। ऐसे में सबकी नजर संभावितों पर लगी है। दो अध्यक्ष का फॉर्मूला कांग्रेस ने दो नए नगर निगमों से लिया है। जहां-जहां एक निगम को दो हिस्सों में बांटा है, वहां कांग्रेस संगठन की दृष्टि से नए जिला बना रही है। संगठन की दृष्टि से जयपुर में अभी शहर और ग्रामीण दो जिले हैं। अब कांग्रेस नगर निगम हैरिटेज और ग्रेटर के क्षेत्रों को मिलाकर संगठन अपने जिलाध्यक्ष घोषित करेगी।
0 Comments